उत्तराखंड रील के चक्कर में युवक ने डीजल से धो डाली स्कॉर्पियो, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार,,,

देहरादून: सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत कई बार लोगों को जोखिम भरे कदम उठाने पर मजबूर कर देती है। ऐसा ही एक मामला राजस्थान के सिरोही जिले के पालड़ी गांव से सामने आया है, जहां एक युवक ने रील बनाने के लिए पेट्रोल पंप पर अपनी ही गाड़ी को डीजल से धो डाला। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, युवक अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो में डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचा था। टंकी फुल कराने के बाद उसने पंप के नोजल से ही गाड़ी पर डीजल डालकर उसे धोना शुरू कर दिया। यह पूरी घटना वहां मौजूद साथी ने वीडियो में कैद कर ली, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया। देखते ही देखते वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, यह हरकत न केवल डीजल की बर्बादी थी बल्कि बेहद खतरनाक भी साबित हो सकती थी, क्योंकि इससे आग लगने जैसी गंभीर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा तो पालड़ी थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जांच में युवक की पहचान छिबा गांव निवासी महिपाल सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वीडियो बनाने वाले कैमरामैन को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए इस तरह की खतरनाक हरकतें करना कानूनन अपराध है और इससे जान-माल का नुकसान भी हो सकता है।
