उत्तराखंड लच्छीवाला नेचर पार्क मे ‘वाइल्ड समर फेस्ट’ का हुआ आगाज़, 15 जून तक पर्यटक ले पाएंगे रोमांच और प्रकृति के अनोखे संगम का आनंद,,,,

देहरादून: दून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लच्छीवाला नेचर पार्क में ‘वाइल्ड समर फेस्ट’ का शुभारंभ हो गया है। 15 जून तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में पर्यटकों को प्रकृति और रोमांच का अनोखा अनुभव मिलेगा। समर कार्निवल के रूप में आयोजित यह फेस्ट सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने जानकारी देते हुए बताया कि इस फेस्ट का उद्देश्य प्रकृति प्रेमियों और रोमांच के शौकीनों को एक मंच प्रदान करना है। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय निवासियों, विशेषकर बच्चों को प्रकृति के करीब लाना भी इसका मुख्य लक्ष्य है।

फेस्ट के तहत एडवेंचर जोन में रोमांच पसंद करने वाले लोगों के लिए रॉक क्लाइंबिंग सहित कई साहसिक खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रकृति पथ (नेचर ट्रेल) के माध्यम से पर्यटक जंगल की शांत वादियों में पैदल भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कर सकेंगे।
इसके अलावा सांग नदी के किनारे जल क्रीड़ा गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। यहां पर्यटक इको-क्राफ्ट्स के जरिए पर्यावरण के अनुकूल शिल्प बनाने की कला भी सीख सकेंगे। वहीं परिवार के साथ आने वाले पर्यटक बोटिंग का आनंद भी उठा पाएंगे।
वन विभाग के अनुसार यह फेस्ट प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।
