उत्तराखंड अप्रैल में फिर लौटी सर्दी: बदरीनाथ-हेमकुंड और औली में ताजा बर्फबारी, उत्तराखंड में 7-8 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट,,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। चमोली जिले समेत ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार दोपहर बाद मौसम में तेज बदलाव देखने को मिला। बारिश के साथ बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और औली में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फबारी के बाद पहाड़ों में ठंडक बढ़ गई है और मौसम सुहावना हो गया है।
जहां देश के कई मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में अप्रैल महीने में भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राज्य में 12 अप्रैल तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए पूरे उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 अप्रैल को बारिश का दायरा कुछ सीमित हो जाएगा। पांच पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का क्रम जारी रह सकता है।
वहीं 10 अप्रैल को बारिश और सिमट जाएगी और केवल कुछ पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश की संभावना रहेगी। इस दिन बर्फबारी का स्तर बढ़कर 3700 मीटर से ऊपर चला जाएगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 11 और 12 अप्रैल को भी मौसम का यही ट्रेंड बना रह सकता है, जहां पहाड़ों में हल्की बारिश और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज होने का अनुमान है। अगले एक से दो दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि उसके बाद दो से तीन दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। ताजा बर्फबारी के बाद बदरीनाथ, हेमकुंड और औली समेत आसपास के क्षेत्रों का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है।
