उत्तराखंड 14 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, शहर में 14.1 किमी का रोड शो रूट तैयार,,,

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का काफिला आगामी 14 अप्रैल को शहर के अंदरूनी हिस्से में 14.1 किलोमीटर का सफर तय करेगा। यह वही हिस्सा है, जो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के फर्राटे के बाद जाम से हांफने लगता है।
हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर इस भाग से ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा और जाम जैसी किसी भी आशंका को खत्म किया जाएगा। फिर भी सरकारी मशीनरी इस भाग को लेकर किसी तरह का रिस्क लेने को तैयार नहीं है।
करीब 14.1 किमी के भाग को मक्खन की तरह चमकाया जा रहा है। ताकि एक्सप्रेसवे के तहत 12 किमी लंबी एलिवेटेड रोड से सफर कर जब प्रधानमंत्री शहर में प्रवेश करें, तो उन्हें कुछ भी असमान्य न लगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करेंगे। इसमें एशिया का सबसे लंबा ग्रीन कारिडोर (गणेशपुर से डाटकाली तक 12 किमी) भी है।
प्रधानमंत्री मोदी हेलीकाप्टर से गणेशपुर (सहारनपुर) में उतरेंगे और फिर एलिवेटेड रोड का निरीक्षण करते हुए कार से आइएसबीटी, जीएमएस रोड और कैनाल रोड होते हुए गढ़ी कैंट देहरादून के महिंद्रा ग्राउंड पहुंचेंगे। वह यहां जनसभा को संबोधित करेंगे।
🟢 आशारोड़ी से शुरू हो जाता है जाम का जोन
डाटकाली मंदिर तक 12 किमी लंबी एलिवेटेड रोड एनएचएआइ के अधीन है। वहीं, टनल और फिर आशारोड़ी तक का एक फ्लाईओवर भी एनएचएआइ के ही पास है। यहां तक सफर पूरी तरह सुगम नजर आता है।
इसके बाद चंद्रबनी चौक, मोहब्बेवाला और आइएसबीटी का पूरा क्षेत्र जाम से भरा रहता है। जबकि आगे शिमला बाईपास चौक से जीएमएस रोड, बल्लीवाला, बल्लूपुर चौक का भाग भी जाम से जूझता रहता है।
प्रधानमंत्री मोदी इसी भाग से होते हुए महिंद्रा ग्राउंड पहुंचेंगे। लिहाजा, लोक निर्माण विभाग इस पूरे भाग को चाक-चौबंद करने में जुट गया है।
आशारोड़ी से आइएसबीटी तक का हिस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग खंड देहरादून, आइएसबीटी से बल्लूपुर तक का भाग राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला के पास है, जबकि बल्लूपुर चौक से गढ़ी कैंट चौक तक की सड़क लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधीन है।
तीनों खंडों के अधिकारी अपने-अपने हिस्से की सड़क पर नई परत चढ़ाने से लेकर पटरी दुरुस्त करने और डिवाइडर से लेकर अन्य भाग की पेंटिंग में जुटे हैं। काफी हद तक कार्य पूरा किया जा चुका है। इस पूरे भाग पर मानकों के अनुरूप साइनेज भी मिलेंगे।
🟢 एनएचएआइ ने भी की तैयारी पूरी
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) वाला भाग भले ही अभी नया है, लेकिन बावजूद इसके अधिकारी रंग रोगन करने में जुटे हैं। ताकि पूरा हिस्सा एकदम नया नजर आए।
