उत्तराखंड वैश्विक परिस्थितियों के बीच उत्तराखंड में गैस-ईंधन की आपूर्ति पर हाईलेवल समीक्षा, मुख्य सचिव बोले – किसी तरह की कमी नहीं,,,

देहरादून: वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखंड में गैस, ईंधन और अन्य आवश्यक कमोडिटीज की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में घरेलू व कमर्शियल गैस की उपलब्धता, अस्पतालों, शैक्षिक संस्थानों और उद्योगों की जरूरतें, आगामी चारधाम यात्रा के दौरान संभावित बढ़ती मांग, उर्वरकों की स्थिति, पीएनजी पाइपलाइन विस्तार, सीएनजी आपूर्ति, कालाबाजारी व जमाखोरी पर नियंत्रण, अफवाह प्रबंधन और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य में गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अनावश्यक पैनिक से बचें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
🟢 चारधाम यात्रा को लेकर विशेष तैयारी
बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाली गैस की मांग को लेकर भी विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने पर्यटन और पूर्ति विभाग को निर्देशित किया कि संभावित अतिरिक्त मांग का सटीक आकलन कर अग्रिम योजना तैयार की जाए तथा केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित कर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
🟢 कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती
मुख्य सचिव ने गैस, कच्चे तेल और उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सर्विलांस बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए ताकि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।
🟢 उर्वरक वितरण में पारदर्शिता
कृषि विभाग को निर्देश दिए गए कि यूरिया का अनावश्यक भंडारण न होने दिया जाए। एग्रीटेक, फार्मर रजिस्ट्री और वास्तविक खेती के आंकड़ों के आधार पर उर्वरक वितरण को लिंक कर दुरुपयोग रोकने की व्यवस्था की जाए।
🟢 ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा
मुख्य सचिव ने कहा कि विदेशी आयात पर निर्भरता कम करने और 2070 तक कार्बन न्यूट्रल लक्ष्य प्राप्त करने के लिए ग्रीन एनर्जी की दिशा में तेजी से काम करना जरूरी है। उन्होंने पीरूल ब्रिकेट, बायोगैस प्लांट, सोलर चूल्हे और सोलर कुकर को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। नगर निकायों को बायोगैस प्लांट स्थापित करने तथा ऊर्जा विभाग को वैकल्पिक ऊर्जा के विस्तार के लिए तेजी से कार्य करने को कहा गया।
🟢 परिवहन में इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर
बैठक में सरकारी और निजी परिवहन में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को ग्रीन एनर्जी आधारित बनाने पर भी जोर दिया गया।
🟢 अफवाहों पर नियंत्रण के लिए प्रेस ब्रीफिंग
जनमानस तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए राज्य और जिला स्तर पर प्रतिदिन प्रेस ब्रीफिंग आयोजित करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी तरह की Enjoy पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
🟢 प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए सहायता तंत्र
खाड़ी देशों और मिडिल ईस्ट में फंसे नागरिकों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर जारी करने के निर्देश दिए गए। विशेष सचिव निवेदिता कुकरेती को राज्य स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि जिलों में भी नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम और एल.एल. फैनई सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
