उत्तराखंड हरिद्वार कनखल क्षेत्र के बाग में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी, नशे की ओवरडोज की आशंका, जांच में जुटी पुलिस,,,,

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में नशे की ओवरडोज के चलते मौत की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सर्व प्रिया विहार, सतीकुंड निवासी युवक के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सतीकुंड के पास एक बाग में युवक को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में सामने आया है कि शुक्रवार शाम युवक अपने एक दोस्त के साथ था, जहां दोनों ने पहले गांजे का सेवन किया। इसके बाद मृतक अपने दोस्त की स्कूटी लेकर वहां से चला गया, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह जब स्कूटी के बारे में पूछताछ हुई तो उसका दोस्त युवक की तलाश में निकला। इसी दौरान सतीकुंड के पास सड़क किनारे स्कूटी खड़ी मिली। पास की झाड़ियों में खोजबीन करने पर युवक का शव बरामद हुआ।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से नशे में इस्तेमाल होने वाले कई इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिससे ओवरडोज की आशंका और मजबूत हो गई है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला नशे की ओवरडोज से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि मृतक शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मृतक के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
