उत्तराखंड देहरादून शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभागीय योजनाओं और कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक,,,,,

देहरादून में विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक में मंत्री ने शहरी विकास विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि विभाग के माध्यम से किए जाने वाले विकास कार्यों का विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास संबंधी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार वर्ष 2027 के कुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसके लिए श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
बैठक में सचिव शहरी विकास नितेश झा, कुंभ 2027 की मेला अधिकारी सोनिका, अपर सचिव शहरी विकास संतोष बडोनी सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
