उत्तराखंड मुख्यमंत्री ने नन्दा राजजात यात्रा मार्गों पर विभिन्न विकास कार्य योजनाओं के विकास हेतु दी ₹3.08 करोड़ की स्वीकृति,,,,

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली में प्रस्तावित नन्दा राजजात यात्रा–2026 के सुचारु संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए अवस्थापना विकास कार्यों हेतु कुल ₹3.08 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
इस अंतर्गत विकासखण्ड थराली में शहीद भवानी दत्त इंटर कॉलेज परिसर, चैपड्यों में 8 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाला पार्किंग स्थल एवं विश्राम गृह निर्माण हेतु ₹71.67 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
विकासखण्ड कर्णप्रयाग के अंतर्गत नौटी में 37 चौपहिया एवं 48 दुपहिया वाहनों की क्षमता वाले सरफेस पार्किंग निर्माण हेतु ₹42.39 लाख की स्वीकृति दी गई है।
विकासखण्ड देवाल के अंतर्गत जनता इंटर कॉलेज, सरकोट में 63 चौपहिया एवं 9 दुपहिया वाहन क्षमता की पार्किंग, दो कक्षों का विश्राम गृह तथा शौचालय निर्माण हेतु ₹1.14 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं विकासखण्ड नारायणबगड़ के अंतर्गत भगोती में 94 चौपहिया वाहन क्षमता की सरफेस पार्किंग निर्माण हेतु ₹79.56 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
🟢 त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को ₹89.41 करोड़ का अनुमोदन
मुख्यमंत्री द्वारा 16वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त के रूप में त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को कुल ₹89.41 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित किए जाने का अनुमोदन दिया गया है।
इसमें जिला पंचायत हेतु ₹13.74 करोड़, क्षेत्र पंचायत हेतु ₹9.16 करोड़ तथा ग्राम पंचायतों हेतु ₹66.51 करोड़ की राशि सम्मिलित है। यह धनराशि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति प्रदान करेगी।
🟢 विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹34.34 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र थराली के अंतर्गत विकासखण्ड देवाल के देवाल बाजार (टैक्सी स्टैंड के समीप) बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के प्रथम चरण हेतु ₹11.31 लाख तथा जनपद टिहरी गढ़वाल के घनसाली में बस स्टॉप निर्माण हेतु ₹94.05 लाख की स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अतिरिक्त जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर अंतर्गत सिल्ला-कांडई मोटर मार्ग (द्वितीय चरण) निर्माण हेतु ₹3.36 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुष मिशन की निर्माणाधीन योजनाओं के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से ₹27 करोड़ तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत रामनगर के उम्मेदपुर आवासीय परियोजना की पेयजल योजना हेतु ₹2.43 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
नगरपालिका परिषद नैनीताल क्षेत्रांतर्गत माल रोड स्थित नर्सरी स्कूल की मरम्मत हेतु ₹3.44 लाख तथा ऐशडेल स्कूल नैनीताल की मरम्मत हेतु ₹45 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
