उत्तराखंड सुप्रीम कोर्ट सुनवाई से पहले टीचर के हथियारों का हुआ भंडाफोड़, बर्खास्त टीचर के घर से दो अवैध तमंचों सहित प्रतिबंधित AK-47 का कारतूस बरामद,,,,

हल्द्वानी: बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बर्खास्त शिक्षक के घर से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। रेलवे भूमि प्रकरण को लेकर 24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई से पहले चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यह खुलासा हुआ।
थाना बनभूलपुरा प्रभारी दिनेश फर्त्याल के अनुसार, इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक मकान में छापेमारी की गई। तलाशी में घर से दो अवैध तमंचे, कई जिंदा कारतूस और एक प्रतिबंधित एके-47 का कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोबिन खान के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस, 12 बोर का एक तमंचा व चार कारतूस, 7.62 एमएम का एक कारतूस तथा 7.65 एमएम के दस कारतूस मिले हैं। बरामद हथियार अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे गए थे।
जानकारी के अनुसार आरोपी पूर्व में पोक्सो प्रकरण में जेल जा चुका है, जिसके चलते उसे नैनीताल के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक पद से बर्खास्त किया गया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से हथियारों के दम पर परिवार को डराता-धमकाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और 7/25(1क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसकी मानसिक स्थिति भी संदिग्ध प्रतीत हुई और उसने मौके पर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश भी की। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रतिबंधित श्रेणी का कारतूस उसके पास कैसे पहुंचा और उसका उद्देश्य क्या था।
