उत्तराखंड हरिद्वार में सनसनीखेज वारदात, अपने पति से मिलने पहुंची महिला से सामूहिक दुष्कर्म, होटल मैनेजर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार,,,,

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल मैनेजर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
🔴 पति से मिलने आई थी पीड़िता
शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली है। उसका पति हरिद्वार स्थित सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत है। महिला अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी।
आरोप है कि बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने महिला को बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी पर ले जाकर उसे एक कार में बैठा दिया गया। कार चालक उसे शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि होटल के अंदर तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
🔴 बदहवास हालत में महिला किसी तरह बचकर पहुंची कोतवाली
घटना के बाद महिला किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर शहर कोतवाली पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें नहर पटरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नहटौर (बिजनौर) का निवासी है, जो वर्तमान में ज्वालापुर क्षेत्र में रह रहा था। दूसरा आरोपी शास्त्रीनगर कड़च्छ, ज्वालापुर का निवासी है, जबकि तीसरा आरोपी होटल मैनेजर है, जो मूल रूप से कुंदरकी (मुरादाबाद) का रहने वाला है और वर्तमान में हरिद्वार में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी कार चालक है और दूसरा ऑटो चलाता है।
🔴 आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है और होटल सहित अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
