पुष्कर सिंह धामी ने अमित शाह के 7 मार्च प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण की तैयारियों पर की गहन समीक्षा बैठक,,,,
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत एवं गहन समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रमण के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं, प्रोटोकॉल एवं विभागीय समन्वय से संबंधित सभी व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से संचालित हों, ताकि कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय एवं चाक-चौबंद रखने, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा खुफिया एवं निगरानी तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
यातायात प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने वैकल्पिक मार्गों की पूर्व तैयारी, पार्किंग स्थलों की स्पष्ट पहचान, डायवर्जन प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था तथा चिकित्सा सुविधाओं के लिए एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य टीमों की तैनाती के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के मध्य समन्वय को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति, सुरक्षा खाके, यातायात योजना एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

