उत्तराखंड राजधानी के इस मकान में चल रहे देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, नौकरी के नाम पर कर रहे थे लड़कियों को ब्लैकमेल,तीन आरोपी गिरफ्तार,,,,,

देहरादून। राजधानी के कैंट क्षेत्र के बिंदाल इलाके में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अनैतिक देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रानी देवी अपने ही आवासीय मकान से इस अवैध गतिविधि का संचालन कर रही थी। वह व्हाट्सएप के माध्यम से महिलाओं की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर सौदे तय करती थी। दर, समय और स्थान की जानकारी फोन पर ही फाइनल की जाती थी। गिरोह का दूसरा सदस्य आशीष कुमार पांडे महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले कमीशन लेता था। तीसरा आरोपी फूलों खान भी इस नेटवर्क का सक्रिय हिस्सा था।
देहरादून एसएसपी को मिल रही लगातार शिकायतों के आधार पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात गांधी नगर क्षेत्र में रघुनाथ मंदिर के पास स्थित मकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान घर से तीन महिलाएं और दो पुरुष संदिग्ध स्थिति में मिले, साथ ही मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
सीओ मसूरी जगदीश पंत ने बताया कि आरोपी महिलाओं को विभिन्न राज्यों से नौकरी का झांसा देकर देहरादून बुलाती थी और उनकी आर्थिक मजबूरियों का फायदा उठाकर उन्हें इस अवैध धंधे में धकेलती थी। रेस्क्यू की गई महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर रखकर उनकी काउंसलिंग कराई जा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों—रानी देवी, आशीष कुमार पांडे और फूलों खान—के खिलाफ कोतवाली कैंट थाने में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
