उत्तराखंड देहरादून में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड के दो संदिग्ध गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली,,,,

देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सघन चेकिंग अभियान के दौरान देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड में संदिग्ध भूमिका वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्याकांड से जुड़े संदिग्ध बदमाश इलाके में देखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में चेकिंग और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान गुनियाल गांव के जंगल क्षेत्र में पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी की स्थिति की जानकारी ली और पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (22 वर्ष), निवासी अंबा बिहार, थाना खालापार, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) और शांतनु त्यागी (21 वर्ष), निवासी माढकी, थाना बेहट, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। कावीश हुसैन त्यागी मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ है।
प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों की ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड में संदिग्ध भूमिका सामने आई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस घटना से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में भी अभियान तेज कर दिया गया है।
