उत्तराखंड देहरादून एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, सी-प्लेन के पहिए से निकली चिंगारी; रनवे पर ही रोका गया विमान,,,

देहरादून: जॉलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट पर शनिवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया। प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक सी-प्लेन के पहिए से अचानक चिंगारी निकलने की घटना सामने आई, जिसके बाद पायलट की सूझबूझ से विमान को तुरंत रनवे पर ही रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार स्काईहॉप एविएशन का यह सी-प्लेन शनिवार शाम लगभग 4:30 बजे प्रशिक्षण उड़ान के लिए टेकऑफ की तैयारी कर रहा था। विमान जैसे ही रनवे पर गति पकड़ने लगा, उसी दौरान उसके पहिए से चिंगारी निकलती दिखाई दी।
पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
स्थिति को गंभीरता से भांपते हुए पायलट ने तुरंत निर्णय लेते हुए विमान को रनवे पर ही रोक दिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। विमान में मौजूद क्रू पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
एयरपोर्ट प्रशासन और दमकल टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की टीम और दमकल विभाग के वाहन तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के लिहाज से विमान के आसपास एहतियाती कदम उठाए गए और पूरे क्षेत्र को अलर्ट पर रखा गया।
सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया विमान
एहतियात के तौर पर सी-प्लेन को रनवे से हटाकर एयरपोर्ट के हैंगर के पास सुरक्षित पार्किंग क्षेत्र में खड़ा कर दिया गया। तकनीकी टीम अब विमान की जांच कर रही है, ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके।
देहरादून एयरपोर्ट पर पहली बार सामने आया मामला
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार देहरादून एयरपोर्ट पर सी-प्लेन के पहिए में इस तरह की तकनीकी खराबी का यह पहला मामला सामने आया है। समय रहते पायलट की सतर्कता और एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
क्या होता है सी-प्लेन?
सी-प्लेन एक विशेष प्रकार का विमान होता है, जो सामान्य विमानों की तरह उड़ान भर सकता है, लेकिन इसके नीचे फ्लोट (तैरने वाले उपकरण) लगे होते हैं। इनकी मदद से यह विमान पानी में भी लैंड और टेकऑफ कर सकता है, जबकि आवश्यकता पड़ने पर रनवे पर भी संचालित किया जा सकता है।
