उत्तराखंड चारधाम यात्रा प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान पर लोकजीत सिंह को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान,,,

देहरादून। वर्ष 2024 की चारधाम यात्रा के दौरान सामने आई चुनौतियों से मिले अनुभवों (Lesson Learned) के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने IG रेंज के अंतर्गत एक समर्पित कंट्रोल रूम के गठन का निर्णय लिया। इस कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी लोकजीत सिंह को सौंपी गई। अल्प समय में ही लोकजीत सिंह ने अपनी टीम के साथ कंट्रोल रूम की स्थापना कर व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कीं और इसे एक सशक्त एवं व्यवस्थित संचालन केंद्र के रूप में विकसित किया।
सरकार, शासन और पुलिस विभाग के लिए वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा को सुचारू एवं सुव्यवस्थित बनाना एक बड़ी चुनौती थी। कंट्रोल रूम ने Systematic Approach अपनाते हुए कई नए और प्रभावी कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। यात्रा के दौरान उत्पन्न विभिन्न परिस्थितियों को Dynamic तरीके से संभालते हुए त्वरित निर्णय और समन्वय के माध्यम से व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा गया।
इस दौरान प्रमुख रूप से धराली आपदा के समय रेस्क्यू कार्यों का समन्वय, पहलगाम आतंकी हमले के बाद उत्पन्न सुरक्षा चुनौतियों से निपटना तथा हेलीकॉप्टर क्रैश की घटनाओं में रेस्क्यू एवं निगरानी कार्यों की प्रभावी देखरेख लोकजीत सिंह के नेतृत्व में सफलतापूर्वक की गई।
इन उत्कृष्ट सेवाओं के लिए लोकजीत सिंह को 28 मार्च 2026 को SKOCH के 106वें समिट में India Habitat Centre में सम्मानित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी लोकजीत सिंह को वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन के लिए प्रतिष्ठित FICCI Smart Policing Award से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान हेतु उन्हें राज्यपाल का उत्कृष्ट सेवा पदक भी प्रदान किया गया था।
लोकजीत सिंह की यह उपलब्धि न केवल पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह दर्शाती है कि सुनियोजित रणनीति, समर्पित नेतृत्व और टीमवर्क के माध्यम से किसी भी बड़ी चुनौती को सफलतापूर्वक संभाला जा सकता है।
