उत्तराखंड पोखड़ा में गुलदार का कहर: घर के बाहर बैठी 4 वर्षीय बच्ची को उठा ले गया, 2 किमी दूर मिला शव,,,

देहरादून/पोखड़ा: पौड़ी जिले के पोखड़ा क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्रामसभा भतकोट में घर के बाहर खाना खा रही चार वर्षीय मासूम बच्ची को गुलदार उठा ले गया। बाद में काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में क्षत-विक्षप्त अवस्था में मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्रामसभा भतकोट निवासी हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय बेटी दृष्टि शाम के समय घर की चौखट पर बैठकर खाना खा रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर बच्ची को जंगल की ओर खींच लिया। घटना के समय बच्ची की बड़ी बहन और दादी भी पास में मौजूद थीं। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की गई, लेकिन रात तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव घर से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में मिला। सूचना मिलते ही रेंजर नक्षत्र शाह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं सतपुली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग की तथा शव उठाने से इनकार कर दिया। शुक्रवार सुबह उपजिलाधिकारी रेखा आर्य और डीएफओ महातिम यादव मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद घर के पास ही पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
लगातार बढ़ रही गुलदार की घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से ठोस कार्रवाई करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
