उत्तराखंड चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली का हुआ शुभारंभ, वाहनों की फिटनेस व सुरक्षा जांच होगी अनिवार्य,,,,

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में व्यावसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कार्यक्रम में शामिल होकर औपचारिक रूप से इस नई व्यवस्था की शुरुआत की।
परिवहन मंत्री ने कहा कि ग्रीन कार्ड प्रणाली के तहत चारधाम यात्रा में संचालित होने वाले सभी व्यावसायिक यात्री वाहनों की तकनीकी फिटनेस और सुरक्षा मानकों की अनिवार्य जांच की जाएगी। इससे यात्रा के दौरान आपात स्थिति में वाहन से संबंधित आवश्यक जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकेगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
नई व्यवस्था के अनुसार वाहन स्वामी परिवहन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर शुल्क जमा करेंगे, जिसके बाद नजदीकी परिवहन कार्यालय में वाहन का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में वाहन के फिट पाए जाने पर ही ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा।

परिवहन विभाग के अनुसार इस प्रणाली के लागू होने से चारधाम यात्रा अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बन सकेगी। ऑनलाइन प्रणाली के सफल क्रियान्वयन में एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक (आईटी) हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक (आईटी) रमन पुंडीर के प्रयासों की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, उप परिवहन आयुक्त सुनील शर्मा और शैलेश तिवारी, आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून डॉ. अनीता चमोला, आरटीओ (प्रशासन) देहरादून मंडल संदीप सैनी, एआरटीओ निखिल शर्मा, नेहा झा, जितेंद्र चंद और कृष्ण पलारिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
