उत्तराखंड AIIMS ऋषिकेश में हुआ फ़िल्मी ड्रामा, छठी मंजिल से कूदने जा रहे युवक को सुरक्षाकर्मियों और तीमारदार ने बमुश्किल बचाया,,,,

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 11 बजे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक मनोरोग विभाग की छठी मंजिल की छत पर चढ़ गया और वहां से छलांग लगाने की कोशिश करने लगा। युवक को मुंडेर पर खड़ा देख अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद मरीजों, तीमारदारों व कर्मचारियों की सांसें थम गईं।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही सुरक्षाकर्मियों की नजर युवक पर पड़ी, उन्होंने तुरंत स्थिति को संभालते हुए उसे समझाने और बातचीत में उलझाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य मरीज के तीमारदार ने साहस दिखाते हुए चुपके से छत पर पहुंचकर युवक को पीछे से पकड़ लिया और सुरक्षित नीचे खींच लिया। कुछ ही क्षणों में दो अन्य सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंच गए और युवक को काबू में कर लिया गया।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी श्रीलोय मोहंती ने बताया कि युवक को मानसिक उपचार के लिए एम्स लाया गया था। इस दौरान उसका तीमारदार ओपीडी में पर्ची बनवाने के लिए लाइन में लगा हुआ था, जबकि युवक इलाज कराने को तैयार नहीं था। अचानक उसने परिजनों से हाथ छुड़ाया और भागते हुए छठी मंजिल पर पहुंच गया, जहां उसने गेट की कुंडी तोड़कर छत पर चढ़ने की कोशिश की।
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और चिकित्साकर्मियों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ और एक तीमारदार की बहादुरी से बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल सुरक्षा अधिकारी युवक और उसके परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।
