उत्तराखंड टिहरी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ, सीएम धामी ने किया वर्चुअल उद्घाटन,,,,,

देहरादून/टिहरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को पहली बार इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ ही राज्य में साहसिक खेलों और पर्यटन को भी नई पहचान दिलाते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। खेल गतिविधियां न केवल फिटनेस बढ़ाती हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता भी विकसित करती हैं।
उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी बेहद उपयोगी साबित होते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता का परिचय दिया है और राज्य अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
