उत्तराखंड मुख्यमंत्री धामी ने कुम्भ मेला-2027 सहित विभिन्न विकास योजनाओं के लिए दी वित्तीय स्वीकृति,,,

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों के लिए कई महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियाँ प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री द्वारा बुनियादी ढांचे, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, आपदा सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़ी अनेक योजनाओं को मंजूरी दी गई है।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत हरिद्वार में प्रस्तावित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर-2 भवन निर्माण के लिए ₹50.27 करोड़ की लागत को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रथम किश्त के रूप में ₹20.11 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
जनपद उधम सिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में कम्यूनिटी हॉल निर्माण के लिए ₹5 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना के तहत प्रथम चरण में ₹50 लाख जारी किए जाएंगे।
पिथौरागढ़ जिले में विभिन्न धार्मिक और बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई है। इसमें ग्राम चुल्कोट में हरदौल मंदिर, माणीटुण्डी में महाकाली मंदिर, मदकोट में देवी मंदिर तथा मवानी में रामलीला मंच के सौंदर्यीकरण और मेला स्थल निर्माण के लिए ₹98.64 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम चरण में ₹59 लाख जारी होंगे। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत दाखिम, क्वीटी और समकोट में आंतरिक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹1 करोड़, क्वीरिजिमिया से साईपोला एवं बुई पातों तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹79.64 लाख तथा ग्राम सभा खेला स्यांकुरी, गर्गवा में छिपला केदार ट्रैक रूट और ग्राम पांगला में ब्रह्मदेव मंदिर के सौंदर्यीकरण व सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹1 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
आपदा न्यूनीकरण के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाएं तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए ₹11.59 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹4.64 करोड़ जारी किए जाएंगे। वहीं नगर निगम रुद्रपुर के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण के लिए ₹15.74 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
देहरादून में डांडा लखौंड सहस्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय के कार्यालय भवन निर्माण के लिए ₹62.64 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹5 करोड़ जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न नगर निकायों—नगर पंचायत रामपुर, गुप्तकाशी, तपोवन, चमियाला, नगरपालिका परिषद चिन्यालीसौड़ और नगर पंचायत गूलरभोज में पार्क निर्माण, सौंदर्यीकरण और ओपन जिम की स्थापना के लिए ₹2.03 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा शहरी विकास विभाग के अंतर्गत अवस्थापना विकास निधि से चालू वित्तीय वर्ष में 13 विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं के लिए ₹53.12 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद में बौद्ध विकास योजना के अंतर्गत उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, विकासनगर द्वारा क्रियान्वित तीन परियोजनाओं के लिए कुल ₹16.04 करोड़ के सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2025-26 में द्वितीय चरण में ₹11.11 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा तथा धार्मिक, सांस्कृतिक और शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
