देहरादून में कॉलेज छात्रों के बीच हुई खूनी भिड़ंत, वर्चस्व की लड़ाई में 22 वर्षीय छात्र की ईलाज के दौरान हुई मौत,,,,,

देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कॉलेज छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में 22 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
🔴 मृतक की पहचान
मृतक छात्र की पहचान दिव्यांशु जाटराना (पुत्र अमित जाटराना) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के ग्राम अथाई, थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर का निवासी था और फिलहाल देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में रहकर एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था।
🔴 क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार घटना 23 मार्च 2026 की रात प्रेमनगर के केहरी गांव में हुई। यहां एक निजी यूनिवर्सिटी के छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रहा विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छात्रों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिसमें दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गया।
🔴 इलाज के दौरान हुई मौत
घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को पहले सीएचसी प्रेमनगर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल की एंबुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने अपने वाहन से ही घायल छात्र को दून अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया।
🔴 तीन आरोपी हिरासत में
मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना प्रेमनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनकी पहचान इस प्रकार है—
युवराज कुमार (20 वर्ष) – BBA द्वितीय वर्ष
मधुर खंडेलवाल (19 वर्ष) – B.Tech तृतीय वर्ष
शिवम शर्मा (20 वर्ष) – B.Tech तृतीय वर्ष
🔴 वर्चस्व की लड़ाई बनी कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गुट एक ही निजी यूनिवर्सिटी के छात्र हैं और उनके बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया और यह घटना घटित हो गई।
🔴 पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
🔴 बढ़ती छात्र हिंसा पर उठे सवाल
देहरादून में कॉलेज छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता को उजागर किया है।
