उत्तराखंड को बड़ी सौगात, भूस्खलन प्रभावित स्थलों के सुधार हेतु ₹461 करोड़ स्वीकृत,,,

देहरादून: उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित सड़कों के उपचार और मरम्मत कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने ₹461 करोड़ की बड़ी राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए इसे राज्य के लिए दूरगामी और लाभकारी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की सड़क अवसंरचना मजबूत होगी और यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस स्वीकृति के तहत उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन से प्रभावित 17 स्थलों के उपचार के लिए ₹233 करोड़ की राशि दी गई है। वहीं पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर स्थित तीन संवेदनशील स्थलों के उपचार के लिए ₹228 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से भूस्खलन की समस्या से प्रभावित मार्गों की स्थिरता बढ़ेगी और आपदा जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-134 चारधाम यात्रा का प्रमुख मार्ग है, जो धरासू और कुठनोरी से यमुनोत्री धाम को जोड़ता है। यह मार्ग लंबे समय से भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील रहा है, जिसके कारण अक्सर यातायात बाधित होता है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने से इस मार्ग पर यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटकों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर भूस्खलन संभावित स्थलों के उपचार से सीमांत क्षेत्रों तक आवागमन और अधिक सुचारू होगा। इससे स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी और सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। यह स्वीकृति प्रदेश के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।
