मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर पिता सोशल मीडिया पर साझा किया अपना अनुभव- “सफलता का अर्थ सिर्फ ऊंचाइयों को छूना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना है”,,,
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने व्यस्त राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों से समय निकालकर एक पिता के रूप में अपनी भावनाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया है। अपने बच्चों के साथ एक आत्मीय तस्वीर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी के संस्कारों और जीवन की वास्तविक सफलता को लेकर एक प्रेरक संदेश दिया है।

https://www.facebook.com/share/p/1GCuZPMR39/
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री धामी ने लिखा कि बच्चों को धीरे-धीरे बड़ा होते देखना जीवन के सबसे सुखद अनुभवों में से एक होता है। एक पिता के रूप में अपनी कामना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनके बच्चे जीवन में कितनी भी ऊंचाइयों तक पहुंचें, लेकिन वे हमेशा विनम्र बने रहें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों में दूसरों के सुख-दुःख में साथ खड़े होने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का भाव होना चाहिए।
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने आज के प्रतिस्पर्धी दौर में अभिभावकों और युवाओं को एक महत्वपूर्ण जीवन मंत्र दिया। उन्होंने कहा, “क्योंकि जीवन की सबसे बड़ी सफलता केवल ऊंचाइयों को छूना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना है।”
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की इस पोस्ट को लोगों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। एक राजनेता से इतर एक संवेदनशील पिता के रूप में उनके ये विचार समाज और अभिभावकों को बच्चों में नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता और विनम्रता के संस्कार विकसित करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

