उत्तराखंड बदरीनाथ धाम के कपाट आज शीतकाल के लिए होंगे बंद, धाम और औली में सीजन की पहली बर्फबारी मौसम हुआ सुहाना,,,

बदरीनाथ। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आज सोमवार रात शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के दिन श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के पुष्प शृंगार के दर्शन करेंगे। इस दिन भगवान नारायण का स्वर्ण शृंगार हटाकर फूलों से विशेष शृंगार किया जाएगा, जिसके बाद रात साढ़े सात बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू होगी।

इससे ठीक एक दिन पहले रविवार को बदरीनाथ धाम में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे पूरा धाम परिसर बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। दोपहर बाद पर्यटन स्थल औली में भी जमकर हिमपात हुआ। सीजन की पहली बर्फबारी देख धाम पहुंचे श्रद्धालु और पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए।
