उत्तराखंड हरिद्वार के लक्सर में तेज रफ्तार ट्रक ने बरपाया कहर, गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी को मारी जोरदार टक्कर, एसएसआई गंभीर रूप से घायल,ट्रक जब्त,,,

लक्सर (हरिद्वार)। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम के वाहन को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
रात 11 बजे हुआ हादसा, ट्रैक्टर की मदद से अलग किए गए वाहन

जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे पुलिस की एक टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। वाहन में एसएसआई राजेश बिष्ट, चालक कपिल देव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और होमगार्ड मनोज कुमार सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पुलिस के वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत की। बाद में एक ट्रैक्टर की सहायता से दोनों वाहनों को अलग कर पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अस्पताल में भर्ती एसएसआई, ट्रक जब्त

इस दुर्घटना में एसएसआई राजेश बिष्ट के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए लक्सर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी सक्रिय हो गए और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
