उत्तराखंड गढ़वाल विवि की केंद्रीय लाइब्रेरी में मौजूद है तीन लाख से अधिक पुस्तकें और 2.69 लाख ई-बुक्स की सुविधा,,,

श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय का पुस्तकालय तंत्र विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक शैक्षणिक एवं शोध सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। अकेले श्रीनगर व चौरास परिसर के केंद्रीय पुस्तकालय में तीन लाख से अधिक पुस्तकें मौजूद हैं, जबकि विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में कुल 5.86 लाख से अधिक मुद्रित पुस्तकें, 2.69 लाख ई-बुक्स और 21,116 ई-जर्नल उपलब्ध हैं।

‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ (ओएनओएस) के तहत 13,806 ई-जर्नल सहित स्कोपस, इंडिया स्टेट, मनुपात्र और सीएमआईई जैसे प्रमुख डेटाबेस की सुविधा भी दी जा रही है। शोध में मौलिकता बनाए रखने के लिए आइटेंटिकेट और ड्रिलबिट जैसे एंटी-प्लेगरिज्म सॉफ्टवेयर तथा डेटा विश्लेषण के लिए एनवीवो-15 और एसपीएसएस स्टैटिस्टिक्स वर्जन-31 उपलब्ध हैं।

विवि की आईपी रेंज में बिना लॉगिन के 24 घंटे ई-संसाधनों का उपयोग किया जा सकता है। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश ने छात्रों को समुचित सुविधाएं देने के निर्देश दिए हैं, वहीं छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु भंडारी ने रीडिंग रूम की क्षमता और एनईपी पाठ्यक्रम की पुस्तकें बढ़ाने की मांग की है।
