उत्तराखंड बिना ओटीपी के बैंक खाते से उड़े 99 हजार, मुनाफे के झांसे में साइबर ठगो ने की 20 लाख की ठगी,,,

हरिद्वार/रुड़की। जनपद में साइबर ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में हरिद्वार के भूपतवाला स्थित एक आश्रम के संत जसविंदर एन्क्लेव निवासी ने नगर कोतवाली में शिकायत दी कि 24 अक्टूबर को अज्ञात साइबर ठगों ने उनके पंजाब नेशनल बैंक (शांतिकुंज शाखा) के खाते से 99,316 रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि रकम निकलने से पहले न तो उनके मोबाइल पर कोई ओटीपी आया और न ही लेनदेन का कोई संदेश प्राप्त हुआ। 26 अक्टूबर को जानकारी होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

दूसरे मामले में रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी निवासी राजकुमार अग्रवाल से ऑनलाइन मार्केटिंग में मुनाफा कमाने का झांसा देकर करीब 20 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने ‘एमएस बीएक्सबी मार्केटिंग’ नामक ब्रोकर के माध्यम से खाता खोला था, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय कॉल के जरिए झांसे में लेकर उनसे आरटीजीएस के माध्यम से करीब 20 लाख रुपये जमा करा लिए गए। जब ठगों ने 6.50 लाख रुपये की और मांग की, तब परिवार को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया।
