उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ऐतिहासिक एवं अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले का शुभारंभ, सीमांत संस्कृति और व्यापार का ऐतिहासिक संगम,,,

पिथौरागढ़/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ऐतिहासिक एवं अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले का भव्य शुभारंभ करते हुए इसे सीमांत क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक समृद्धि का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह मेला सदियों से भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच पारंपरिक व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को जोड़ने वाला एक जीवंत सेतु रहा है। काली और गोरी नदियों के संगम पर लगने वाला यह मेला न केवल सीमांत क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और लोक संस्कृति को संरक्षित रखता है, बल्कि दोनों पड़ोसी देशों के नागरिकों के बीच रोटी-बेटी और आत्मीय संबंधों को भी प्रगाढ़ बनाता है।

मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से ही गहरा भावनात्मक लगाव रहा है, और राज्य सरकार इस ऐतिहासिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
