उत्तराखंड आदि कैलास के बाद अब जोहार घाटी में हरदेवल ताल बनेगा नया आकर्षण, 5,300 मीटर ऊंचे नए ट्रेकिंग रूट की तलाश शुरू,,,,

पिथौरागढ़। चीन सीमा से लगी उच्च हिमालयी व्यास घाटी में आदि कैलास और ओम पर्वत की तर्ज पर अब सीमांत जोहार घाटी स्थित पवित्र ‘हरदेवल ताल’ को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
पर्यटन विभाग की पहल पर लास्पा से शालंग घाटी तक 9 सदस्यीय दल ने शुरू किया रैकी अभियान; सीमांत क्षेत्र में साहसिक पर्यटन और आजीविका को मिलेगा बढ़ावा।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग की पहल पर लास्पा गांव से शालंग घाटी को जोड़ने वाले एक नए एवं दुर्गम ट्रेकिंग मार्ग की संभावनाओं को तलाशने के लिए कॉसमॉस ट्रेक की 9 सदस्यीय टीम ने मंगलवार से व्यापक रैकी एवं अन्वेषण अभियान आरंभ कर दिया है।
आस्था और नैसर्गिक सौंदर्य का संगम है हरदेवल ताल
हरदेवल ताल अपनी अप्रतिम प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। इस ताल के स्वच्छ जल में आसपास की हिमाच्छादित पर्वत चोटियों का प्रतिबिंब एक साथ दिखाई देता है। मुनस्यारी के साईपोलू सहित सीमांत क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीण सदियों से हरदेवल देवता की आराध्य के रूप में पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। इस क्षेत्र के ट्रेकिंग रूट के व्यवस्थित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए हरदेवल ताल तक पहुंचना सुगम हो सकेगा। इससे पूर्व 20 से 25 अक्टूबर 2026 के मध्य आठ सदस्यीय टीम द्वारा हरदेवल कुंड एवं पोटिंग ग्लेशियर क्षेत्र में प्राथमिक रैकी अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
5,300 मीटर की ऊंचाई पर बर्फीली ढलानों के बीच नया मार्ग
अभियान दल का नेतृत्व कर रहे अनुभवी पर्वतारोही सुरेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि प्रस्तावित ट्रेक की अधिकतम ऊंचाई लगभग 5,300 मीटर है। दल को इस दौरान उच्च हिमालयी दर्रे, बर्फीली ढलानों और अत्यंत दुर्गम पहाड़ी भूभाग से होकर गुजरना होगा। इस अन्वेषण का मुख्य ध्येय दोनों प्रमुख घाटियों के मध्य एक सुरक्षित, सुलभ और व्यावहारिक ट्रेकिंग रूट की पहचान करना है, जिससे भविष्य में इसे एक संपूर्ण उच्च हिमालयी सर्किट के रूप में संचालित किया जा सके।
जीपीएस मैपिंग और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर

अभियान के दौरान विशेषज्ञों की टीम मार्ग की भौगोलिक संरचना, बर्फबारी की स्थिति, जलस्रोतों की उपलब्धता, संभावित कैंपिंग स्थलों और ऊंचाई संबंधी जोखिमों का वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक अध्ययन कर रही है। दल की वापसी के बाद जीपीएस-आधारित रूट मैप, तकनीकी कठिनाइयों और सुरक्षा संबंधी सुझावों के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट उत्तराखंड पर्यटन विभाग को सौंपी जाएगी।
स्थानीय आजीविका और सीमांत विकास को मिलेगी गति
इस नए ट्रेकिंग सर्किट के विकसित होने से सीमांत गांवों में रिवर्स पलायन और आजीविका संवर्धन की संभावनाएं प्रबल होंगी। स्थानीय युवाओं, पर्वतीय गाइडों, पोर्टरों, होमस्टे संचालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे सीमांत जोहार घाटी की आर्थिकी को सीधा संबल मिलेगा।
