कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय वृद्धि को लेकर किया सीएम आवास कूच,,,,

देहरादून,राजधानी में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली और मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच किया। दोनों ही वर्गों ने अलग-अलग रैलियां निकालकर अपनी वर्षों से लंबित मांगों पर त्वरित निर्णय लेने की मांग उठाई।
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन
राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के विरोध में विभिन्न विभागों के कर्मचारी हाथीबड़कला क्षेत्र में एकत्र हुए। कर्मचारियों का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा के लिए केवल पुरानी पेंशन योजना ही एकमात्र ठोस विकल्प है। कई राज्यों में इसे दोबारा लागू किए जाने के बावजूद प्रदेश में इसे अब तक बहाल नहीं किया गया है। भारी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने सरकार से पुरानी व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने उठाई मानदेय वृद्धि की मांग

दूसरी ओर, अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे प्राथमिक स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास से जुड़ी ज़मीनी योजनाओं को पूरी निष्ठा से संचालित करती हैं, किंतु मौजूदा मानदेय बढ़ती महंगाई के अनुपात में अत्यंत कम है। उन्होंने न्यूनतम मानदेय तय करने, राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग रखी।
बैरिकेडिंग लगाकर रोका गया काफिला
सीएम आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस प्रशासन ने दिलाराम चौक और हाथीबड़कला के समीप भारी बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द वार्ता कर ठोस निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदला जाएगा।
