उत्तराखंड अंकिता भंडारी हत्याकांड व वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का भाजपा पर तीखा प्रहार,,,

हरिद्वार। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों को संबोधित करते हुए अंकिता भंडारी प्रकरण और कथित वोट चोरी के मामलों को लेकर केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के ‘बेटी बचाओ’ जैसे तमाम नारे पूरी तरह खोखले साबित हो चुके हैं और अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र व राज्यों की भाजपा सरकारें महिलाओं पर अत्याचार करने वाले अपराधियों को खुला संरक्षण दे रही हैं।

रागिनी नायक ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम भाजपा के ही नेताओं द्वारा उजागर किया गया था। इस कथित वीआईपी की तलाश के लिए सीबीआई जांच चल रही है, लेकिन इसके बावजूद संदेह के घेरे में आए व्यक्ति को एक उच्च संवैधानिक पद पर बैठा दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि अंकिता का डुप्लीकेट सिम निकाला गया था जिससे कई बातें सामने आईं, लेकिन मुख्य आरोपी पुलकित आर्य का डुप्लीकेट सिम आज तक क्यों नहीं निकाला गया, यह सवाल बना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना देने जा रहे अंकिता के माता-पिता को रोका गया, जो अत्यंत निंदनीय है।

इसके साथ ही उन्होंने वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2023 में केंद्र सरकार ने कानून में संशोधन कर चुनाव आयुक्तों को कानूनी कार्रवाई से संरक्षण प्रदान कर दिया। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत देश भर में अब तक 13 करोड़ से अधिक वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा चुके हैं। रागिनी नायक ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन वंचित नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं व बीएलए को इस संबंध में सभी राज्यों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
