उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की जनता को विजयादशमी की बधाई देकर किया सशक्त एवं समृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प का आवाहन,,,,

देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पावन पर्व विजयादशमी के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के उच्च जीवन आदर्श हम सभी को सत्य, न्याय, धर्म और सदाचार के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि इस पावन पर्व पर सभी को अपने भीतर की बुराइयों और समाज की नकारात्मकता को दूर करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने आपसी प्रेम, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को एक सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित और खुशहाल उत्तराखण्ड के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों के सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की मंगलकामना की।
