‘दुष्यंत गौतम दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाना उत्तराखंड के स्वाभिमान पर चोट, राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में एकजुट हुई कांग्रेस ‘उत्तराखंड बंद’ का किया ऐलान,,,

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में एक मंच पर आकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने ऐलान किया कि वह विभिन्न राजनीतिक दलों व सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जल्द ही ‘उत्तराखंड बंद’ का आह्वान करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चार वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर जनता के मन में संशय बना हुआ है। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अंकिता के माता-पिता को न्याय की मांग के लिए दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना देना पड़ रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस शुरू से ही सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में हत्याकांड की जांच कराने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति का नाम इस प्रकरण में आरोपों के घेरे में रहा है, उसे राज्यपाल बनाकर सम्मानित करना उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर गहरा आघात है; ऐसे लोगों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। वहीं, विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि यह लड़ाई अब केवल अंकिता के परिजनों की नहीं, बल्कि समूचे उत्तराखंड और देश के न्याय का मुद्दा बन चुकी है, और कांग्रेस अंतिम समय तक यह लड़ाई जारी रखेगी।
