उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, मारपीट, उत्पीड़न और हत्या की साजिश का आरोप, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती,,,

देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मंत्री ने देहरादून के कैंट थाने में तहरीर देकर पति पर लंबे समय से मारपीट करने, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
🟢 ऑडियो से हत्या की साजिश का खुलासा, बच्चों की सुरक्षा का हवाला

कैबिनेट मंत्री द्वारा दी गई शिकायत में एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है, जिसके आधार पर उन्होंने पति पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कराने के बाद रेखा आर्या ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर वीडियो और संबंधित ऑडियो भी साझा किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस ऑडियो को सुनने के बाद ही उन्होंने पुलिस की शरण में जाने और कानूनी कार्रवाई करने का कड़ा फैसला लिया। मंत्री ने कहा कि यह कदम उन्होंने अपनी और विशेष रूप से अपने बच्चों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए उठाया है।
🟢 तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती
इस पूरे घटनाक्रम और भारी तनाव के बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
🟢 ‘घरेलू अत्याचार न सहें’- महिलाओं से की आवाज उठाने की अपील
एक वीवीआईपी और कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद घरेलू हिंसा का शिकार होने पर गहरा दर्द साझा करते हुए रेखा आर्या ने आम महिलाओं को भी जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं से घरेलू उत्पीड़न के खिलाफ मुखर होने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में घरेलू अत्याचार को सहना नहीं चाहिए, बल्कि उसके खिलाफ खुलकर आवाज उठानी चाहिए और कानूनी सहारा लेना चाहिए।
फिलहाल, पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दर्ज शिकायत और प्रस्तुत साक्ष्यों की जांच में जुट गई है।
