उत्तराखंड हरिद्वार कुंभ मेला-2027 हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम सॉन्ग का किया लोकार्पण,,,,

हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो, आधिकारिक वेबसाइट और थीम गीत का विधिवत लोकार्पण किया।
“दिव्य और भव्य आयोजन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध; मधु शर्मा का डिजाइन बना आधिकारिक लोगो, गायक राघव राजा ने तैयार किया थीम गीत”
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आयोजन से संबंधित प्रामाणिक सूचनाओं को डिजिटल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना और कुंभ की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया में प्रसारित करना है।
🟢 सनातन संस्कृति और आस्था का विराट उत्सव है कुंभ: मुख्यमंत्री
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट पर्व है। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हरिद्वार कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि यह आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम गीत श्रद्धालुओं को आयोजन से भावनात्मक एवं व्यावहारिक रूप से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।
🟢 लोगो में झलकी हरिद्वार की समृद्ध धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत

हरिद्वार कुंभ-2027 का आधिकारिक लोगो धर्मनगरी की आध्यात्मिक धरोहर और सनातन प्रतीकों का उत्कृष्ट संगम है।
- प्रमुख प्रतीक: इसमें मां गंगा, हर की पैड़ी, प्रतिष्ठित धनुष पुल, सूर्योदय की दिव्य छटा, भगवान शिव की प्रतिमा और साधु-संतों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसके अलावा सनातन परंपरा के प्रतीक त्रिशूल व डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी कलात्मक रूप से समाहित किया गया है।
- चयन प्रक्रिया: लोगो के निर्माण के लिए राज्य भर के युवाओं और विद्यार्थियों से प्रविष्टियां मांगी गई थीं। सैकड़ों डिजाइनों की स्क्रीनिंग के बाद चयन समिति ने शीर्ष 13 डिजाइनों पर विचार किया। अंततः जगजीतपुर (हरिद्वार) निवासी मधु शर्मा द्वारा तैयार किए गए मौलिक डिजाइन को आधिकारिक लोगो के रूप में अंतिम रूप दिया गया। यह लोगो सभी सरकारी प्रकाशनों, प्रचार सामग्रियों और डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर आधिकारिक पहचान बनेगा।
🟢 आधिकारिक वेबसाइट से एक क्लिक पर मिलेंगी सभी जानकारियां

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए कुंभ मेला-2027 का आधिकारिक वेब पोर्टल https://haridwarkumbh.uk.gov.in लॉन्च किया गया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालुओं को कुंभ की तैयारियों, स्नान की तिथियों, यातायात व्यवस्था, आवास और अन्य नागरिक सुविधाओं की प्रमाणित व त्वरित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
🟢 ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत ने घोला आध्यात्मिक उल्लास
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कुंभ मेले के आधिकारिक गीत का विमोचन रहा। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ बोल से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आध्यात्मिक उल्लास, संतों के सम्मान और श्रद्धालुओं की श्रद्धा को सुरमयी अभिव्यक्ति देता है। इस प्रेरणादायी गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार के स्थानीय कलाकार राघव राजा ने तैयार किया है।
