उत्तराखंड टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर कूलागाड़ के पास भारी भूस्खलन, बोल्डर और मलबे से चीन सीमा का संपर्क कटा, आदि कैलास यात्री बीच रास्ते में फंसे,,,

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में टनकपुर-पिथौरागढ़-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार तड़के भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। कूलागाड़ के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा गिरने के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे सीमांत क्षेत्र और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चीन सीमा का सड़क संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है।
🔴 शनिवार सुबह पांच बजे हुआ भूस्खलन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 5:00 बजे कूलागाड़ के पास पहाड़ी दरकने से अचानक भारी बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। अचानक मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया।
🔴 आदि कैलास यात्री फंसे, धारचूला में रोका गया

हाईवे बंद होने के चलते प्रसिद्ध धार्मिक यात्रा पर निकले आदि कैलास यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा यात्रियों को धारचूला और आसपास के सुरक्षित पड़ावों पर रोक दिया गया है। संबंधित अधिकारियों के अनुसार, मार्ग से मलबा पूरी तरह हटाए जाने और सड़क सुचारू होने के उपरांत ही यात्रियों को धारचूला से आगे की यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा।
🔴 चीन सीमा का संपर्क टूटा, युद्धस्तर पर खोलने के प्रयास जारी
यह राष्ट्रीय राजमार्ग सामरिक दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण माना जाता है। कूलागाड़ में मार्ग बंद होने के कारण सेना व सुरक्षा बलों की चौकियों सहित चीन सीमा से लगे सुदूरवर्ती इलाकों का संपर्क टूट चुका है। संबंधित निर्माण एजेंसी और स्थानीय प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीनों व आवश्यक उपकरणों की मदद से भारी पत्थरों को तोड़ने और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके।
