देहरादून के रायपुर में सनसनीखेज तिहरा हत्याकांड, मात्र 300 रुपये के विवाद में प्लंबर ने बुजुर्ग दंपति और घरेलू सहायिका को पेंचकस से गोदा, तीनों की मौत, आरोपी गिरफ्तार,,,

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मामूली 300 रुपये के विवाद में एक सिरफिरे प्लंबर ने बुजुर्ग दंपति और बीच-बचाव करने आई पड़ोस की घरेलू सहायिका पर पेंचकस से ताबड़तोड़ वार कर तीनों की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
🔴 मृतकों की पहचान

- रमेश कपूर (80 वर्ष) – निवासी, विष्णुलोक कॉलोनी, रायपुर
- रजनी कपूर (75 वर्ष) – रमेश कपूर की पत्नी
- तिलप्या देवी उर्फ शीला (48 वर्ष) – पड़ोस के मकान में काम करने वाली घरेलू सहायिका
🔴 विवाद की वजह- ‘600 नहीं, 300 रुपये दे रहे थे बुजुर्ग’
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी राजकुमार (मूल निवासी बिजनौर, वर्तमान निवासी इंद्रा नगर, देहरादून) ने बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और अक्सर रमेश कपूर के घर नल ठीक करने या अन्य कार्यों के लिए आता-जाता था।
- मंगलवार को काम पूरा करने के बाद उसने मजदूरी के रूप में 600 रुपये की मांग की।
- बुजुर्ग दंपति उसे केवल 300 रुपये दे रहे थे।
- इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर तैश में आए आरोपी ने अपने पास रखे नुकीले पेंचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला बोल दिया।
🔴 चीख-पुकार सुन बचाने आई सहायिका, उस पर भी बोला हमला
वारदात के दौरान जब घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं, तो पड़ोस के घर में काम कर रही घरेलू सहायिका तिलप्या देवी (शीला) दौड़कर मौके पर पहुंची। उसने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हैवान बने राजकुमार ने उस पर भी पेंचकस से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।
🔴 भागने की फिराक में था आरोपी, स्थानीय लोगों ने दबोचा
दोपहर करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम को कॉलोनी के एक मकान में चोरी व हमले की सूचना मिली। जब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग पाता, स्थानीय नागरिकों ने साहस दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया।
- पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर लहूलुहान तीनों घायलों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत तीनों को मृत घोषित कर दिया।
🔴 सीसीटीवी फुटेज में अकेला आता-जाता दिखा आरोपी- फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल सहित आला पुलिस अधिकारियों व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके से पेंचकस व अन्य साक्ष्य जब्त किए।
- आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी दोपहर करीब 1:50 बजे अकेले बुजुर्ग दंपति के घर में दाखिल होता और 2:50 बजे वहां से बाहर भागता दिखाई दिया है।
- रायपुर थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
