उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी, पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार,,

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आगामी दिनों में मौसम के तेवर तल्ख होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पहाड़ी जिलों के लिए 6 से 11 अक्टूबर तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, राज्य के मैदानी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ और शुष्क बना रहेगा।
🔴 इन जिलों में विशेष सतर्कता के निर्देश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 6 और 11 अक्टूबर के बीच चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में तेज झोंकेदार हवाओं के चलने और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इसके अलावा 6 और 7 अक्टूबर को विशेष तौर पर देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा जनपदों में गर्जन के साथ वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है।
🔴 स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी

मौसम में आने वाले इस बदलाव को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी अलर्ट जारी किया है:
- मौसम पर रखें नजर: पहाड़ी इलाकों के बाशिंदों को मौसम की ताजा स्थिति को ध्यान में रखकर ही दैनिक योजनाएं बनाने को कहा गया है।
- यात्रा में बरतें सावधानी: उच्च हिमालयी और संवेदनशील क्षेत्रों की ओर यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों व पर्यटकों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रुकने और यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।
