हरिद्धार के रानीमाजरा में सामान्य वर्ग एकता मंच की हुई महापंचायत, यूजीसी रोलबैक व आरक्षण सुधार की मांग पर निकाला पैदल मार्च, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,,,

हरिद्वार/पथरी: लक्सर रोड स्थित ग्राम रानीमाजरा के एक बैंक्वेट हॉल में रविवार को ‘सामान्य वर्ग एकता मंच’ के बैनर तले एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस सभा में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के रोलबैक और आरक्षण प्रणाली में सुधार (रिजर्वेशन रिफॉर्म) की पुरजोर मांग उठाई गई। जनसभा में हरिद्वार जनपद के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों सहित आसपास के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए। सभा के उपरांत जनसमूह ने पैदल मार्च निकालते हुए एसडीएम को ज्ञापन प्रेषित किया।
🟢 अधिकारों के प्रति सजग रहकर लोकतांत्रिक संघर्ष जरूरी- ठाकुर पूरण सिंह
शामली से पहुंचे प्रमुख वक्ता ठाकुर पूरण सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को अपने बुनियादी अधिकारों के प्रति सदैव जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि समाज अपने हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक व संवैधानिक मर्यादाओं के भीतर रहकर पूरी मजबूती से आवाज उठाए।
🟢 आरक्षण के सामाजिक व कानूनी प्रभाव का निष्पक्ष मूल्यांकन आवश्यक- सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता
सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्र ने आरक्षण व्यवस्था की कानूनी बारीकियों और उसके सामाजिक प्रभावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था के वास्तविक कानूनी पहलुओं और इसके समाज पर पड़ने वाले प्रभावों का समय-समय पर निष्पक्ष व पारदर्शी मूल्यांकन किया जाना बेहद जरूरी है। वहीं, ब्राह्मण महासभा उत्तराखंड के अध्यक्ष पंडित पदमप्रकाश शर्मा ने सामाजिक नीतियों पर सतत एवं स्वस्थ बहस को समय की मांग बताया।
