उत्तराखंड, ‘मतदाता सूची से नाम हटाना क्या मुद्दा नहीं?’ धामी के बयान पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने किया तीखा पलटवार,,,,

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उस बयान पर कड़ा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है। गोदियाल ने सवाल किया कि क्या मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नागरिकों के नाम हटाने के लिए फर्जी आपत्तियां दर्ज कराया जाना सरकार के लिए कोई मुद्दा नहीं है?

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्निवीर योजना, प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी तथा विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुए पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लगातार उठाती आ रही है। अब इसके साथ ही मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया की आड़ में एक ही व्यक्ति के नाम का इस्तेमाल कर सैकड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने की सिफारिशें की जा रही हैं। गोदियाल ने दावा किया कि जिस व्यक्ति के नाम पर यह सिफारिश दर्ज दिखाई जा रही है, उसने स्वयं शपथपत्र (एफिडेविट) देकर स्पष्ट किया है कि उसने ऐसी कोई भी सिफारिश नहीं की है।
उन्होंने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के नाम का दुरुपयोग कर इतनी बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश रची जा रही है, तो क्या यह लोकतंत्र और सरकार के लिए कोई मुद्दा नहीं है? उन्होंने शासन-प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
