उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी से आफत, लगातार हो रही बारिश से उत्तरकाशी में फंसे 136 पर्वतारोही, रेस्क्यू के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार जारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है और आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच अकेले उत्तरकाशी जिले में 10 ट्रैकिंग दलों के 136 पर्वतारोही फंस गए हैं, जबकि बागेश्वर में 43 पर्वतारोहियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तरकाशी में फंसे सभी पर्वतारोही सुरक्षित स्थानों पर हैं और जिला प्रशासन के सतत संपर्क में हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं के अनुसार, ये दल कालिंदी ट्रेक, वासुकी ताल, सतोपंथ, भागीरथी-2, गंगोत्री बेस कैंप तथा शिवलिंग वन व टू की ओर गए थे। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मौसम अनुकूल होते ही यूकाडा (UCADA) के माध्यम से सुबह 6 बजे से आठ हेलीकॉप्टरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाए। साथ ही ऋषिकेश एम्स और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को अलर्ट पर रखा गया है।
🔴 प्रमुख घटनाक्रम

- चारधाम यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित: खराब मौसम और बर्फबारी के चलते केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा रविवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रही। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को विभिन्न पड़ावों पर रोक दिया है।
- 123 सड़कें बाधित, भूस्खलन का कहर: प्रदेश भर में भारी बारिश के कारण 123 सड़कें भूस्खलन से बाधित हुई हैं। बदरीनाथ हाईवे पर सिरोबगड़ और लामबगड़ में मलबा आने से यातायात रुक-रुक कर चलता रहा। वहीं, लामबगड़ में भूस्खलन के मलबे में यात्रियों से भरी एक बस फंस गई, जिसमें चालक की सूझबूझ से सभी 20 यात्रियों की जान बाल-बाल बची।
- थलीसैंण में नाले के मलबे से ग्रामीण की मौत: पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण ब्लॉक अंतर्गत भारी गदेरे में दोपहर बाद चट्टान से गिरे मलबे की चपेट में आने से बणगांव निवासी बलबीर सिंह (50) की मौके पर ही मौत हो गई।
- हवाई सेवाएं प्रभावित व फूलों की घाटी बंद: देहरादून एयरपोर्ट पर खराब दृश्यता और मौसम के चलते दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा और कई उड़ानें घंटों की देरी से संचालित हुईं। चमोली में भारी बारिश और बिजली गिरने के कारण फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए बंद रखी गई, जिससे करीब 100 पर्यटक घांघरिया में फंसे रहे।
- आज भी भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। शासन ने सभी जिलाधिकारियों को सेटेलाइट फोन की उपलब्धता सुनिश्चित रखने और पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों को सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी की है।
