उत्तराखंड के हरिद्वार में हैप्पी हत्याकांड का SSP ने किया खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य शूटर घायल, मुकीम काला गैंग से जुड़े हैं कातिलों के तार,,,
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में 14 सितंबर को हुए चर्चित हैप्पी हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। बहादराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश के पैर में गोली लगी है।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बहादराबाद कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया।
🔴 पुरानी रंजिश में की गई थी हत्या
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा (शांतरशाह) के पास 28 वर्षीय हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर के आधार पर बहादराबाद कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि वारदात को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था।
🔴 300 सीसीटीवी कैमरों की मदद से पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे लगभग 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आखिरकार आरोपियों की पहचान करने में सफल रही। इस पूरे षड्यंत्र में मुदस्सिर समेत कुल पांच लोगों के नाम सामने आए हैं।
🔴 देर रात मुठभेड़, पैर में गोली लगने से बदमाश ढेर

शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल बदमाश क्षेत्र में किसी अन्य वारदात या भागने की फिराक में हैं। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जिसे मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल आरोपी की पहचान मुदस्सिर पुत्र जमशेद, निवासी दतौली रांगण, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसका दूसरा साथी मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।
🔴 कुख्यात ‘मुकीम काला गैंग’ से जुड़े तार

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि हत्या में प्रयुक्त तमंचा उपलब्ध कराने वाला आरोपी साबिर कुख्यात ‘मुकीम काला गैंग’ से ताल्लुक रखता है। पुलिस फरार आरोपियों और गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

