उत्तराखंड में फिल्म ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने का आदेश जारी, टिकट बिक्री पर मिलेगा SGST का रिफंड,,,

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में फिल्मों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने और दर्शकों तक सिनेमा पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक राहत का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रसिद्ध संत नीब करौरी बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स-फ्री कर दिया गया है। फिल्म के प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए टिकट बिक्री पर वसूले जाने वाले राज्य वस्तु एवं सेवा कर (SGST) की प्रतिपूर्ति (रिफंड) की जाएगी। इस संबंध में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने आदेश जारी कर राज्य कर विभाग को एसजीएसटी रिफंड की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
🟢 सीएम धामी ने परिवार और मंत्रियों संग देखी थी फिल्म

इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में अपनी धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा के साथ फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी थी। फिल्म देखने के बाद ही मुख्यमंत्री ने इसे राज्य में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की थी।
🟢 संत परंपरा और नीब करौरी बाबा के संदेश
इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। नीब करौरी बाबा का जीवन इसी महान परंपरा का एक प्रेरणादायी उदाहरण है। बाबा का कैंची धाम आज विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म संत परंपरा, मानव कल्याण, प्रेम और विनम्रता के मूल्यों को जीवंत करती है, जो आज के समय में भी समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं।
