उत्तराखंड हरिश रावत का तीखा सियासी बयान, बोले ‘जहां कहो, वहां बैठ जाता हूं, सीबीआई-ईडी या जो जांच करनी हो, आज ही कर लो’ मैं तैयार हू,,,,

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश जारी कर राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। अपने बयान में उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली और राजनीतिक विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए खुली चुनौती दी है कि उनकी संपत्तियों और हर गतिविधि की जांच अभी कर ली जाए।
हरीश रावत ने वीडियो में कहा कि वे हर प्रकार की जांच का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “जहाँ कहते हो, वहाँ मैं बैठ जाता हूँ। सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स या जितनी भी जाँच करनी है, कर लो। जब तक मेरे पास सामर्थ्य है, मैं हर प्रकार की जाँच का सामना करने के लिए तैयार हूँ।”

उन्होंने आगे कहा कि वे चाहते हैं कि उनके बच्चों के पास यह बात याद रखने लायक रहे कि उनके पिता ने क्या कमाया है, न कि इस बात की उलझन रहे कि जांच एजेंसियों का सामना कैसे किया जाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि विरोधियों और जांच एजेंसियों के पास कई तरह के हाथ और हथियार हैं, यहां तक कि कुछ लोग स्टिंग ऑपरेशन की तैयारी भी करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान हलफनामे में दिखाई गई उनकी घोषित संपत्तियों के अलावा यदि कुछ भी अतिरिक्त मिलता है, तो वे जैसी कार्रवाई चाहें कर सकते हैं।
श्री रावत ने कहा कि जब तक उनके पास शारीरिक और मानसिक सामर्थ्य है, वे इसका प्रतिकार और जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अपील की है कि जांच का यह दौर बिस्तर पर लेटने से पहले यानी आज ही पूरा कर लिया जाए, ताकि वे समय रहते उसका माकूल जवाब दे सकें। उनके इस आक्रामक बयान के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
