उत्तराखंड देहरादून कुंवावाला में सीएम ने सुनी प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’, युवाओं से की नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण की अपील,,,

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को सुना। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भारत चौधरी सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
🟢 नशा मुक्त युवा-विकसित भारत का संकल्प
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को एक जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है, क्योंकि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करते हैं। प्रधानमंत्री के इस आह्वान से देश की युवा शक्ति में जागरूकता बढ़ेगी और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण और मजबूत होगा।
🟢 विरासत और इतिहास से जुड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक सरल व रोचक माध्यमों से पहुंचाने वाले अभिनव प्रयासों की भी सराहना की है। ऐसे प्रयास युवाओं को उनकी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति गर्व की भावना को गहराई प्रदान करते हैं।
🟢 जनभागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ‘मन की बात’ सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। अंत में, उन्होंने प्रदेशवासियों और विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के इन संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करें और एक स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
