उत्तराखंड 15 सितंबर से बाबा केदारनाथ सहित सभी धामों के लिए होगी हेली सेवा प्रारंभ, यूकाडा 2-3 सितंबर से करेगा टिकट बुकिंग की शुरुआत,,,

देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 15 सितंबर से केदारनाथ व चारधाम के लिए दूसरे चरण की हेली सेवाएं फिर से प्रारंभ होने जा रही हैं, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए महानिदेशालय नागरिक उड्डयन (डीजीसीए) की टीम जल्द ही उत्तराखंड का दौरा करेगी।
🟢 2 से 3 सितंबर के बीच शुरू होगी टिकटों की बुकिंग उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) आगामी दो या तीन सितंबर से हेली सेवाओं के लिए आधिकारिक टिकटों की बुकिंग शुरू कर देगा। टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से इस बार प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं, जिसके तहत बुकिंग केवल 15-15 दिनों के अंतराल के लिए ही खोली जाएगी। डीजीसीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने पुष्टि की है कि डीजीसीए टीम के निरीक्षण के तुरंत बाद बुकिंग प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी।
🔴 इस वर्ष मानसून के कारण रोकनी पड़ी थी सेवाएं
उत्तराखंड में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु हेली सेवाओं के माध्यम से केदारनाथ धाम के दर्शन करते हैं। इस वर्ष कपाट खुलने के साथ ही 22 अप्रैल से हेली सेवाओं का संचालन शुरू हुआ था। गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा के आठ हेलीपैडों से कुल आठ हेली कंपनियों ने इन सेवाओं का संचालन किया था। हालांकि, भारी बारिश और सुरक्षा के दृष्टिगत इन सेवाओं को 25 जून को ही स्थगित करना पड़ा था, जिन्हें अब 15 सितंबर से दोबारा पटरी पर लाया जा रहा है। यूकाडा और संबंधित हेली कंपनियों के बीच उच्चस्तरीय बैठकों में सभी सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
