उत्तराखंड कांग्रेस सरकार बनाना ही मेरा एकमात्र लक्ष्य: डॉ. हरक सिंह रावत, खुद के टिकट को लेकर भी स्पष्ट की स्थिति,,,,

देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक स्पष्ट बयान जारी किया है। सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने या विधायक बनने का कोई मोह नहीं है, बल्कि उनकी एकमात्र इच्छा उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाना है।
हरक सिंह रावत ने दोटूक शब्दों में कहा कि जो भी दावेदार चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं होगा, उसे पार्टी द्वारा टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। यहाँ तक कि उन्होंने खुद के लिए भी यही पैमाना तय करते हुए कहा कि यदि वे खुद चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं, तो पार्टी को उन्हें भी टिकट नहीं देना चाहिए। सहसपुर सीट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि पार्टी को लगता है कि वहाँ उनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति जीतने की बेहतर क्षमता रखता है, तो टिकट उसी को मिलना चाहिए। वर्तमान राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी के पास इस समय 20 विधायक हैं, जबकि 50 सीटों पर कांग्रेस को अभी और मेहनत करने की जरूरत है, जहाँ प्रत्येक विधानसभा में 5 से 10 मजबूत दावेदार सामने आ रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने अपनी चुनाव जीत की खास थ्योरी भी साझा की। उनके अनुसार, किसी भी चुनाव की जीत में 25 प्रतिशत पार्टी की हवा या लहर, 25 प्रतिशत प्रत्याशी का अपना व्यक्तित्व, 25 प्रतिशत सामाजिक ताना-बाना व जातीय समीकरण और शेष 25 प्रतिशत आर्थिक क्षमता पर निर्भर करती है।
