उत्तराखंड ऋषभ पंत के रुड़की स्थित घर और स्कूल को लेकर चर्चाएं तेज, तहसील प्रशासन ने दी सफाई,,,,

हरिद्वार। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के रुड़की के ढंडेरा रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पैतृक घर और स्कूल इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर चर्चाओं का केंद्र बने हुए हैं। करीब दो हजार स्क्वायर फुट में बने इस मकान में ऋषभ का बचपन बीता है, जहां वर्तमान में उनकी माता सरोज पंत निवास करती हैं। इसी भवन में उनके दिवंगत पिता राजेंद्र पंत के समय से ‘न्यू मॉर्डन पब्लिक स्कूल’ भी संचालित हो रहा है।
🟢 रेलवे भूमि के अतिक्रमण का मामला
करीब दो महीने पहले यह मकान तब चर्चा में आया था जब रेलवे ने घर के आगे पिलर लगाकर दीवार बनाने का काम शुरू किया था। रेलवे का आरोप है कि इस संपत्ति द्वारा रेलवे भूमि का अतिक्रमण किया गया है, जिसमें रेलवे की जमीन की ओर गेट, पार्किंग और गमले आदि रखे जाने की बात कही गई थी। हालांकि, स्थानीय विरोध के चलते रेलवे अधिकारी पिलर लगाकर चले गए थे और कुछ पिलर बाद में गायब भी हो गए।
🟢 ढंडेरा नगर पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज है नाम
क्रिकेटर ऋषभ पंत और उनके परिवार का जुड़ाव स्थानीय क्षेत्र से गहरा है। ढंडेरा नगर पंचायत के चेयरमैन सतीश नेगी के अनुसार, जनवरी 2025 में हुए चुनावों में उनकी माता सरोज पंत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसके अलावा, ऋषभ पंत का नाम भी ढंडेरा नगर पंचायत की मतदाता सूची में विधिवत दर्ज है।
🟢 तहसील प्रशासन का बयान
मामला इंटरनेट मीडिया पर तूल पकड़ने के बाद हरकत में आए तहसील प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट के निर्देश पर तहसीलदार विकास अवस्थी ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की।
तहसीलदार विकास अवस्थी ने स्पष्ट किया कि:
- पिछले ढाई साल में इस संपत्ति को लेकर प्रशासन के पास कोई भी नया विवाद या प्रकरण सामने नहीं आया है।
- ऋषभ पंत या उनके परिवार की ओर से जमीन संबंधी कोई भी नया आवेदन नहीं किया गया है।
- चूंकि वे उत्तराखंड के मूल निवासी हैं, इसलिए वे नियमानुसार जमीन खरीदने और रखने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं।
