उत्तराखंड भारी बारिश के चलते रुद्रप्रयाग केदारनाथ हाईवे पर गीड गधेरा के उफान से हाईवे बंद, मार्ग में फंसे यात्री,,,,
रुद्रप्रयाग: भारी बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले में जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। यहां केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास गीड गधेरा उफान पर आ गया। जिस कारण हाईवे पर मलबा आने से मार्ग बंद हो गया है।
🔴 सोनप्रयाग की बहुमंजिला पार्किंग में जलभराव
गौरीकुंड: केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग स्थित बहुमंजिला पार्किंग बदहाल व्यवस्थाओं के कारण चर्चा में है। प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाली पार्किंग में बारिश के पानी जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से कई स्थानों पर तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे वाहन पार्क करने के साथ ही यात्रियों का आवागमन करना मुश्किल हो रहा है।
केदारनाथ यात्रा के दौरान प्रतिदिन हजारों वाहन सोनप्रयाग की इस बहुमंजिला पार्किंग में खड़े होते हैं, लेकिन बारिश शुरू होते ही पार्किंग के कई हिस्सों में पानी भर जाता है। कई वाहन घंटों तक पानी में खड़े रहने को मजबूर हैं, वहीं श्रद्धालुओं को सामान लेकर कीचड़ और जलभराव के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग से हर साल करोड़ों रुपये की आय होती है, लेकिन इसके बावजूद बरसाती पानी की निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

जीप टैक्सी यूनियन सोनप्रयाग के अध्यक्ष अंकित गैरोला ने कहा कि पार्किंग क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर साल जलभराव की समस्या पैदा होती है। इसके कारण परिसर में कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे वाहनों को पार्क करने और यात्रियों को सामान ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पार्किंग में बरसाती जल निकासी की स्थायी और प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

