हरिद्वार मंगलौर में कार की टक्कर से हुई कांवड़ खंडित, गुस्साए कावड़ियों ने की गाड़ी में भारी तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा,,,

रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दुर्घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की कांवड़ एक कार की टक्कर से खंडित हो गई, जिसके बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया है।
🔴 आखिर क्यों हुई यह घटना
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक ढाबे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे एक कांवड़िए की कांवड़ को पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। इस टक्कर से कांवड़ खंडित हो गई। जैसे ही यह सूचना आसपास मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को लगी, वे आक्रोशित हो गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
🔴 पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सूझबूझ दिखाते हुए कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है।
🔴 एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल का बयान
“मामला संज्ञान में आया है और दोनों पक्ष कांवड़िए बताए जा रहे हैं। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
🔴 प्रशासनिक की सतर्कता
उत्तराखंड में वर्तमान में कांवड़ यात्रा पूरे चरम पर है और विभिन्न थीम वाली कांवड़ें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इस घटना के बाद यात्रा मार्गों पर पुलिस-प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया है। असामाजिक तत्वों और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों व मार्गों पर कैमरों से सतत निगरानी की जा रही है।
